शिकायत सही मिली तो कलेक्टर का तत्काल एक्शन! प्रभारी एबीईओ रविन्द्रनाथ साय को हटाकर डीईओ कार्यालय में किया संलग्न

शिकायत सही मिली तो कलेक्टर का तत्काल एक्शन! प्रभारी एबीईओ रविन्द्रनाथ साय को हटाकर डीईओ कार्यालय में किया संलग्न

जशपुर में शिक्षा विभाग में हड़कंप: भ्रष्टाचार और मानसिक प्रताड़ना के आरोपों की जांच में प्रथम दृष्टया दोषी मिले प्रभारी सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी, पद से हटाया गया
कलेक्टर ने तत्काल प्रभाव से कार्रवाई करते हुए जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में किया संलग्न
जशपुरनगर, 10 सितंबर 2026। जशपुर जिले के फरसाबहार विकासखंड में शिक्षा विभाग से जुड़ा एक बड़ा मामला सामने आया है। आर्थिक शोषण, मानसिक प्रताड़ना, पद के दुरुपयोग एवं भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायत की प्रारंभिक जांच में प्रथम दृष्टया सही पाए जाने के बाद कलेक्टर जशपुर ने प्रभारी सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी फरसाबहार एवं मूलपद प्रधान पाठक रविन्द्रनाथ साय के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की है।
कार्यालय कलेक्टर जिला-जशपुर द्वारा जारी आदेश में बताया गया है कि जिला पंचायत जशपुर द्वारा प्रस्तुत जांच प्रतिवेदन के आधार पर शिकायत की जांच की गई। जांच में शिकायत के आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए।
इसके बाद कलेक्टर ने रविन्द्रनाथ साय, प्रभारी सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी, विकासखंड फरसाबहार को उनके वर्तमान दायित्व से हटाते हुए कार्यालय जिला शिक्षा अधिकारी, जशपुर में संलग्न कर दिया है।
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह कार्रवाई तत्काल प्रभाव से लागू होगी। संबंधित अधिकारियों को आदेश की सूचना देते हुए आवश्यक कार्रवाई एवं आदेश के पालन के निर्देश भी जारी किए गए हैं।
शिक्षा विभाग में कार्रवाई से मचा हड़कंप
मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। खास बात यह है कि शिकायत में लगाए गए गंभीर आरोपों की जांच के बाद प्रशासन ने प्रथम दृष्टया शिकायत सही पाए जाने पर तत्काल प्रशासनिक कार्रवाई की है। अब आगे की कार्रवाई और जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।